मुजफ्फरपुर के पांच खिलाड़ियों का बिहार अंडर-16 टीम में चयन, जिले में खुशी की लहर

मुजफ्फरपुर। जिले के क्रिकेट जगत के लिए गर्व और उत्साह की खबर है। मुजफ्फरपुर जिला क्रिकेट संघ के पांच प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को बिहार की अंडर-16 क्रिकेट टीम में जगह मिली है। ये खिलाड़ी भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) द्वारा आयोजित प्रतिष्ठित घरेलू प्रतियोगिता विजय मर्चेंट ट्रॉफी में बिहार का प्रतिनिधित्व करेंगे।

बिहार टीम में चयनित खिलाड़ियों में रिशित रत्न, अयान जैकी, स्वर्णमोल, मानस राज और अयान राज शामिल हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार, सभी चयनित खिलाड़ी प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए फ्लाइट से गुजरात रवाना होंगे।

मुजफ्फरपुर जिला क्रिकेट संघ की सचिव रचना शर्मा ने खिलाड़ियों के चयन पर प्रसन्नता जाहिर करते हुए इसे जिले के क्रिकेट इतिहास का गौरवपूर्ण और ऐतिहासिक अवसर बताया। उन्होंने कहा कि एक ही आयु वर्ग से जिले के पांच खिलाड़ियों का बिहार टीम में चयन होना बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने सभी खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की और इस अवसर पर बिहार क्रिकेट संघ के प्रति आभार भी व्यक्त किया।

खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर मुजफ्फरपुर जिला क्रिकेट संघ के पदाधिकारियों, पूर्व क्रिकेटरों, अंपायरों एवं खेल से जुड़े अन्य लोगों ने खुशी जताते हुए सभी चयनित खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दी हैं।

मुजफ्फरपुर के इन युवा सितारों से अब विजय मर्चेंट ट्रॉफी में शानदार प्रदर्शन की उम्मीद है।

📍 खबर वार्ता | People’s Trust

Related News

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*